भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और बाबा रामदेव के बीच करीब चार साल चला विवाद खत्म हो गया है। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में दोनों को एक-दूसरे से गले मिलते देखा गया। इस मौके पर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया भी पास में मौजूद रहे और मुस्कुराते नजर आए। वीडियो में बाबा रामदेव सामने से आते दिख रहे हैं, जिसके बाद बृजभूषण शरण सिंह झुककर उन्हें प्रणाम करते हैं और रामदेव उन्हें गले लगा लेते हैं।

दोनों के बीच विवाद की शुरुआत नवंबर 2022 में हुई थी, जब बृजभूषण शरण सिंह ने एक कार्यक्रम में पतंजलि के घी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने लोगों को शुद्ध दूध और घी के लिए घर पर गाय-भैंस पालने की सलाह दी थी। इसके बाद पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण से फोन पर बातचीत भी हुई, लेकिन विवाद शांत होने के बजाय बढ़ता गया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के आंदोलन के दौरान बाबा रामदेव ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ बयान दिया और महिला पहलवानों के आरोपों को गंभीर बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

अगस्त 2025 में बृजभूषण शरण सिंह की बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर की गई टिप्पणी फिर चर्चा में आई। उन्होंने अपनी टिप्पणी पर माफी भी मांगी और स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई। इसके बाद पतंजलि फूड्स की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किए जाने की खबर सामने आई। बृजभूषण ने भी पतंजलि के घी और उत्पादों पर सवाल उठाते हुए अपना विरोध जारी रखा।

करीब चार साल चले विवाद के बाद दिल्ली में दोनों के बीच पिछले दिनों आमने-सामने मुलाकात हुई। इस बैठक में अयोध्या के महंत राजकुमार दास ने मध्यस्थता की भूमिका निभाई। बाबा रामदेव के मुताबिक, बृजभूषण शरण सिंह के मन में कुछ गलतफहमियां थीं, जो बातचीत के दौरान दूर हो गईं। रामदेव ने पतंजलि के घी और दवाइयों को नकली बताने वाले आरोपों को भी खारिज किया और विवाद खत्म होने की घोषणा की।