कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव का बहिष्कार करने से इनकार किया है। अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव लड़ना बंद कर दे तो भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को पवित्र बताते हुए कहा कि जब तक उनके पास पूरे सबूत न हों, उनके लिए यह कहना भी मुश्किल है कि व्यवस्था में कोई समस्या है। इस कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रॉबर्ट पेप कर रहे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि उनकी रणनीति चुनाव लड़ते रहने और चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने की है। उनके मुताबिक, विपक्ष के बहिष्कार से कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर भी असर पड़ेगा और जनता की नजर में चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि जब तक लोगों को यह एहसास नहीं हो जाता कि चुनावी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, कांग्रेस चुनावी हार का सामना करने के लिए तैयार है।

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारी विपक्षी नेताओं को चुनावी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा अब सामान्य राजनीतिक दल नहीं रह गए हैं और देश के बड़े औद्योगिक घरानों के साथ मिलकर काम करते हैं। गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें भारतीय विश्वविद्यालयों में छात्रों से बातचीत की अनुमति नहीं दी गई, जबकि शिकागो या न्यूयॉर्क में वह ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 2014 के चुनावों के बाद उन्हें चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का संदेह था, लेकिन पार्टी नेताओं ने सबूत दिखाने पर उन्हें यह बात सार्वजनिक न करने की सलाह दी थी।