मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के जमात-उद-दावा का राजनीतिक मोर्चा मानी जानी वाली पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने पार्टी को आतंकी और अवैध बताने पर पंजाब प्रांत की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को गुरुवार को पांच अरब पाकिस्तानी रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि बुखारी ने अपने एक्स अकाउंट और टेलीविजन कार्यक्रमों में पार्टी को आतंकी संगठन, अवैध पार्टी और प्रतिबंधित संगठन बताया है। पीएमएमएल ने इससे पहले पिछले सप्ताह पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को भी इसी तरह का कानूनी नोटिस भेजा था।
मरियम नवाज को भेजे गए नोटिस में आतंकी बताने वाली टिप्पणी वापस लेने और सात दिन के अंदर बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई थी। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्यवाही शुरू करने की चेतावनी दी गई थी।
गौरतलब है कि पीएमएमएल को हाफिज सईद की संस्था जमात-उद-दावा का राजनीतिक मोर्चा माना जाता है। पार्टी ने मंत्री अजमा बुखारी के खिलाफ यह नोटिस पार्टी को आतंकी संगठन कहे जाने पर भेजा है।
