शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यता संवाद मंच में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक इन दिनों भारत की यात्रा पर हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली आए मलिक ने आगरा स्थित ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह देखने की इच्छा जताई थी, लेकिन सरकार ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी।
सूत्रों के अनुसार, मंत्री को स्पष्ट रूप से बताया गया कि इस दौरे में वह केवल एससीओ कार्यक्रम से जुड़े स्थानों पर ही जा सकते हैं, किसी अन्य जगह नहीं। एससीओ सभ्यता संवाद फोरम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मलिक पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। विदेश कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, मलिक को भारत के संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने आमंत्रित किया है।
बताया जाता है कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत आने वाले मलिक पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। इससे पहले करीब तीन साल पहले बिलावल भुट्टो ने एससीओ बैठक में हिस्सा लिया था। गौरतलब है कि पिछले साल अप्रैल में पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर दी थी, जिस पर मलिक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। जून के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे।
