हैदराब्दा सांसद असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस के बीच विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा पर ओवैसी की टिप्पणी के बाद कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस नेता और प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने ओवैसी पर हमला बोलते हुए महिला कांग्रेस नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि अगर पवन खेड़ा ने ओवैसी के बारे में कुछ कहा था, तो ओवैसी को उन्हें ही जवाब देना चाहिए था, लेकिन उन्होंने पवन खेड़ा की पत्नी को बीच में लाकर खींच लिया। शमा मोहम्मद ने कहा कि इससे पता चलता है कि ओवैसी नामर्द है और भारतीय संस्कृति का पालन नहीं करता। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घेरा और कहा कि पीएम मोदी भी इसी तरह महिलाओं पर हमला करते हैं। उन्होंने अपनी बात के समर्थन में पीएम मोदी के एक पुराने बयान का जिक्र भी किया।

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के सिलसिले में सक्रिय ओवैसी की पवन खेड़ा ने आलोचना की। जवाब में ओवैसी ने एक सभा के दौरान पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद में कांग्रेस के एक महाशय ने बयान दिया है और उन्हें अपने अंगना में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा की पत्नी हैदराबाद में चुनाव लड़ीं और उनकी जमानत जब्त हो गई। ओवैसी ने कहा कि वह मर्द लोगों के करीब आ गए हैं और उन्हें नुकसान होगा, तथा बच्चों को बीच में नहीं आना चाहिए।

ओवैसी के इस बयान की कांग्रेस की ओर से जमकर आलोचना की गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कोटा नीलिमा के खिलाफ की गई टिप्पणियों की निंदा की और इसे अनैतिक बताते हुए बिना शर्त माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि ओवैसी को खेड़ा की आलोचना करने, कांग्रेस पार्टी से सवाल पूछने और पार्टी के राजनीतिक रुख से असहमत होने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक हिसाब-किताब बराबर करने के लिए किसी महिला की गरिमा का अपमान स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ओवैसी को अपना बयान वापस लेना चाहिए और कोटा नीलिमा से माफी मांगनी चाहिए।