कांग्रेस ने पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को भारत बुलाने पर नरेंद्र मोदी सरकार से सवाल किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि एससीओ सभ्यता संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तानी मंत्री को बुलाना गलत है और उनके स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाना पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शुक्रवार को भारत पहुंचे। वह यहां अलग-अलग सभ्यताओं के बीच बातचीत पर अपने देश का पक्ष रखेंगे। भारत में शनिवार और रविवार को एससीओ सभ्यता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुप्रिया श्रीनेत ने बातचीत में सवाल किया कि इस कार्यक्रम में पाकिस्तान को क्यों बुलाया गया, जो देश भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देता है।
श्रीनेत ने आरोप लगाया कि मलिक मुस्कुराते हुए यहां मिल रहे स्वागत का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही वह व्यक्ति है, जिसने कुछ महीने पहले खुलेआम भारतीयों के हाथ काटने और खून बहाने की धमकी दी थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुसादिक मलिक को बिरयानी, कबाब और खीर परोसी जाएगी। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार मलिक के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछा रही है।
श्रीनेत ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देना जारी रखेगा, तब तक उसके साथ कोई बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने मोदी सरकार पर अपना रुख बदलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहलगाम नरसंहाद में शहीद हुए लोगों की चिताओं की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई है, और सरकार उनके परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़क रही है।