भोपाल: ब्रिटेन ने प्रथम विश्व युद्ध के अपने लगभग 1.94 बिलियन पाउंड के बकाया कर्ज का भुगतान कर दिया है, लेकिन सीहोर के एक कारोबारी परिवार से 1917 में लिए गए इंडियन वॉर लोन का मामला अब भी अनसुलझा है। परिवार का दावा है कि ब्रिटिश सरकार ने सेठ जुम्मालाल रुठिया से 35,000 रुपए का कर्ज लिया था। परिवार ने 109 साल बाद यूके के डेट मैनेजमेंट ऑफिस (डीएमओ) से बकाया राशि के भुगतान को लेकर संपर्क किया है।
यूके के फ्रीडम ऑफ इंफॉर्मेशन एक्ट के तहत 19 नवंबर को दिए जवाब में डीएमओ ने कहा कि उसके पास 1917 के इंडियन वॉर लोन से जुड़ा कोई रिकॉर्ड नहीं है और भारत में जारी वॉर लोन के बारे में पहले आए किसी सवाल की भी जानकारी नहीं है। विभाग ने सुझाव दिया कि रिकॉर्ड खोजने के लिए मूल भारतीय जारीकर्ता संस्था से संपर्क करना होगा। डीएमओ ने यह भी कहा कि उसे इस निवेश से जुड़ा कोई सर्टिफिकेट ऑफ टाइटल नहीं मिला है।
परिवार के सदस्य विनय रुठिया का कहना है कि उनके पास अभी भी मूल निवेश प्रमाण पत्र मौजूद है। उन्होंने सवाल उठाया है कि ब्रिटिश अधिकारियों ने इस निवेश की प्रकृति और प्रमाणिकता जानने के लिए इस दस्तावेज की जांच क्यों नहीं की। परिवार का दावा है कि 4 जून 1917 को इंडियन वॉर लोन में 35,000 रुपए का निवेश किया गया था। यह प्रमाण पत्र सेठ रामा किशन जसकरण रुठिया फर्म से जुड़ा है और इस पर तत्कालीन पॉलिटिकल एजेंट डब्ल्यू एस डेविस के साइन हैं। परिवार का कहना है कि उसे न मूलधन मिला और न ही 5.5 फीसदी का सालाना ब्याज।
विनय रुठिया का कहना है कि वे उस रकम के लिए लड़ते रहेंगे, जिसे वे अपने परिवार का हक मानते हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह रकम वापस मिल जाती है तो पूरी राशि भारतीय सैन्य कर्मियों के कल्याण कार्यों के लिए दान कर दी जाएगी। विनय ने इस मामले की तुलना प्रथम विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन द्वारा अपने कर्ज संभालने के तरीके से की है।
