कोलकाता : कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष के रूप में ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को रद्द कर दिया। यह फैसला टीएमसी विधायक दल के नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया गया। अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष को नेता विपक्ष के चुनाव पर दोबारा विचार करने और उचित कारणों के साथ आदेश जारी करने का निर्देश दिया है।
विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के 80 विधायक जीते थे। ममता बनर्जी ने विधायक दल की बैठक के बाद शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता नियुक्त किया था, लेकिन बैठक में कई विधायकों ने प्रस्ताव पर फर्जी सिग्नेचर के आरोप लगाए थे। इसके तुरंत बाद ऋतब्रत बनर्जी ने 58 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए टीएमसी में अलग गुट बना लिया और नेता प्रतिपक्ष पद पर दावा ठोक दिया। विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु ने 3 जून को शोभनदेव चट्टोपाध्याय के दावे को दरकिनार करते हुए ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष का दर्जा दे दिया था। बाद में बागी गुट ने अपने पक्ष में 60 विधायक होने का दावा किया था।
इस मामले में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने पहले ऋतब्रत बनर्जी और अखरुज्जमां को दो महीने तक अंतरिम रूप से अपने पदों पर बने रहने की अनुमति दी थी, लेकिन 18 अक्टूबर को यह अवधि समाप्त हो गई। इसके बाद शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने फिर से अदालत का रुख किया और दलील दी कि अंतरिम व्यवस्था की अवधि समाप्त होने के बाद दोनों विधायकों के पास अपने पदों पर बने रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।
