मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह टैबलेट केवल एक डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है, जिससे उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस तकनीक का उपयोग अपना भविष्य संवारने में करें। उन्होंने कहा कि रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन अपने कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट जरूर दें। उन्होंने कहा कि टैबलेट के साथ सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से टैबलेट में 18 हजार से अधिक शैक्षिक कंटेंट और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। छात्र एक क्लिक पर छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एआई सशक्त बनाने वाला उपकरण होना चाहिए और किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले फैक्ट चेक करना चाहिए।
सीएम योगी ने देवीपाटन मंडल के पुराने हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में आया था और बलरामपुर, श्रावस्ती तथा बहराइच नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे। उन्होंने कहा कि आज गोंडा और बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, बलरामपुर में विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है और श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हो चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने अकेले देवीपाटन मंडल के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करके यहां आए हैं और पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में मुश्किल से 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो चुकी है। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कूलों और इंटर कॉलेजों के जर्जर भवनों को नए स्वरूप में विकसित किया गया है।
