मीरजापुर में पूर्व सांसद एवं समाजवादी पार्टी के नेता रमेशचंद्र बिंद के वाहन पर गुरुवार रात ईंट से हमला किया गया। इस हमले में उनके 23 वर्षीय बेटे राकेश बिंद के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूर्व सांसद ने बताया कि गुरुवार रात करीब दस बजे उनके बेटे के पेट में दर्द हुआ, जिसके बाद वह उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज के मंडलीय चिकित्सालय ले गए थे। इलाज के बाद वह अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बथुआ तिराहे पर शीतला मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े एक युवक ने उन्हें नमस्कार किया। गाड़ी आगे बढ़ने पर उस युवक ने ईंट उठाकर वाहन पर फेंकी। ईंट उन्हें नहीं लगी, लेकिन उनके पास बैठे बेटे के चेहरे पर जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बेटे को दोबारा मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पूर्व सांसद ने इसे जानलेवा हमला बताया है।

घटना के बाद कटरा कोतवाली में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे में था और उसने इसी के चलते घटना करने की बात बताई है।

पकड़ा गया आरोपी नगर के जंगीरोड मोहल्ला निवासी हिमांशु गुप्ता है। उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है और मामले की छानबीन जारी है।