पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी 23 वर्षीय शशि कुमार पासवान पिछले चार महीने से अबू धाबी की जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी सुमित्रा देवी ने गुरुवार को डुमरी विधायक जयराम महतो की पहल पर रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर पति की रिहाई के लिए मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने मामले में सार्थक पहल करने का भरोसा दिया।
जानकारी के अनुसार, शशि कुमार पासवान वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर काम करने दुबई गए थे। 26 जून 2026 को उनकी बहन की शादी तय हुई थी और वह उसमें शामिल होने के लिए भारत लौटना चाहते थे। इसी सिलसिले में वह एक कथित दलाल के संपर्क में आए और वहां के कानून से जुड़े एक मामले में फंस गए। इसके बाद दुबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अबू धाबी जेल भेज दिया, जहां वह तब से बंद हैं।
विधायक जयराम महतो ने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि शशि की रिहाई के लिए राज्य सरकार के माध्यम से यूएई स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए परिवार से बातचीत की थी और मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का भरोसा दिया था, जिसे गुरुवार को पूरा किया गया।
इधर, गांव में शशि का परिवार उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
