मेघालय के जवाई इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक बीएसएफ जवान कथित तौर पर अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश की ओर चला गया, जहां बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने उसे पकड़ लिया। दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के अधिकारियों के बीच बातचीत और बैठक के बाद मंगलवार शाम तक जवान को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। जवाई इलाका बांग्लादेश के सिलहट जिले के सामने पड़ता है, जहां अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ नहीं लगी है और पर्यटकों की आवाजाही के कारण यह क्षेत्र व्यस्त रहता है।

घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे, जिनमें BGB के दो जवान भारतीय सुरक्षाकर्मी को मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग भी नजर आए, जो भारतीय जवान के साथ धक्का-मुक्की करते दिखे। बताया गया कि उस समय जवान के पास वॉकी-टॉकी, इंसास राइफल और पंप-एक्शन गन थी। वीडियो में जवान वॉकी-टॉकी पर अपनी टीम को अलर्ट करते सुना जा सकता है, जिसमें वह जल्दी QRT (क्विक रिस्पॉन्स टीम) भेजने की बात कहता है।

एक अन्य जानकारी के मुताबिक, भारतीय जवान को बांग्लादेशी सीमा क्षेत्र में सबसे पहले स्थानीय लोगों ने पकड़ा था, जिसके बाद उसे बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवानों के हवाले कर दिया गया। ड ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेशी सीमा सुरक्षा बल ने दावा किया था कि भारतीय जवान करीब 200 गज अंदर बांग्लादेशी क्षेत्र में पहुंच गया था। भारत लौटने के बाद जवान को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया, हालांकि जवान की पहचान और घटना की विस्तृत परिस्थितियों को लेकर सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।

भारत और बांग्लादेश के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा देश के पूर्वी हिस्से में स्थित है और इसके कुल 4,096 किलोमीटर लंबे हिस्से की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पास है। मेघालय का जवाई इलाका भी इसी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित है, जहां बाड़ न होने के कारण दोनों ओर के इलाकों के बीच आवाजाही की स्थिति बाड़ वाले सीमा क्षेत्रों से अलग है।