असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बीएसएफ का एक जवान बराक नदी में लापता हो गया है। पुलिस के अनुसार, जवान संदिग्ध मवेशी तस्करों का पीछा करते हुए नदी में कूदा था। लापता जवान की पहचान कांस्टेबल (जीडी) के. वेणु के रूप में हुई है, जो कटिगोरा स्थित हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट में तैनात था। उसके साथ हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव भी थे, जो तैरकर सुरक्षित किनारे पर पहुंच गए।
कछार के पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने बताया कि सोमवार तड़के बीएसएफ के कंपनी कमांडर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कमांडर के मुताबिक, सुरक्षा बल को खुफिया सूचना मिली थी कि हरिनगर सीमा क्षेत्र से चार से पांच अज्ञात लोग मवेशियों की तस्करी करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर दोनों जवान संदिग्धों को रोकने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, जवानों ने जब संदिग्ध लोगों को चुनौती दी तो वे कथित तौर पर नदी में कूद गए, जिसके बाद दोनों जवान भी उनका पीछा करते हुए नदी में उतर गए।
लापता जवान की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और नदी पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। खबर लिखे जाने तक जवान का कोई सुराग नहीं मिला था। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बल को घटना की जानकारी है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस बीच, स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि बांग्लादेश से आए अज्ञात लोगों ने जवान का अपहरण कर लिया है। उनका यह भी कहना है कि ऐसी घटना पहले भी हो चुकी है। हालांकि, बीएसएफ अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के इस दावे पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
