कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता आशुतोष रांका ने दावा किया है कि जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ लोग भी उनका समर्थन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों के बच्चों ने उन्हें समर्थन के संदेश भेजे हैं। हालांकि, रांका ने किसी का नाम नहीं लिया है।

एक पॉडकास्ट में रांका ने कहा कि जंतर मंतर पर काउंसलर और एमएलए जैसे लोग आते थे, जो पीछे रहते थे और मंच पर नहीं चढ़ते थे। उन्होंने यह भी साफ किया कि सीजेपी किसी को भाजपा को वोट देने से नहीं रोक रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी आज भी सरकार से किसी भी मुद्दे पर बात करने को तैयार है।

रांका ने स्कूल दौरों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए और कहा कि भाजपा शासित राज्य रचनात्मक तरीके से भी बातों को ले सकते थे। उन्होंने कांग्रेस शासित कर्नाटक की तारीफ की और कहा कि भाजपा की मानसिकता है कि उनसे कोई सवाल न करे, जिसे अब Gen Z सहन नहीं करता।

बता दें कि जून और जुलाई के बीच सीजेपी के बैनर तले दिल्ली के जंतर मंतर पर बड़ा प्रदर्शन हुआ था, जिसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने समेत कई मांगें की गई थीं। आंदोलन मुख्य रूप से पेपर लीक के मुद्दे के खिलाफ था और मांगें माने जाने के बाद इसे खत्म कर दिया गया था। अक्टूबर में एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुलाए गए प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके, रांका और सौरभ दास को एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था।