बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित जीवनगीत कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रहने वाले 38 वर्षीय कपिल बालियान ने रविवार देर रात खुद को अवैध देशी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार घटना के समय वह मोबाइल पर किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव भौपुर निवासी कपिल बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण में ठेकेदारी के साथ प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री का काम करते थे। तीन दिन पहले उनकी पत्नी और दो बेटियां गांव चली गई थीं, जिसके कारण वह फ्लैट में अकेले थे।

रविवार रात लगभग साढ़े बारह बजे गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कपिल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और मोबाइल आदि सामान बरामद किया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार कपिल के एक रिश्तेदार का नगर में होटल है और चर्चा है कि इसी होटल में काम करने वाली एक युवती से उनकी बातचीत होती थी। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। हालांकि रिश्तेदार राजकुमार ने पारिवारिक कलह के कारण आत्महत्या किए जाने की बात कही है।

सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ठेकेदार द्वारा अवैध पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। ठेकेदार किससे बात कर रहा था, इसकी कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।