फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल से एक बुजुर्ग पिता को अपने बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट साढ़े तीन महीने से नहीं मिल रही है। पुलिस भी रिपोर्ट न मिलने पर अब डॉक्टर के खिलाफ उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी कर रही है।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के एक गांव के मूल निवासी 65 वर्षीय किशन का बेटा राजेंद्र फरीदाबाद में रहता था। परिवार को सूचना मिली कि काम के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पिता फरीदाबाद पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत नागरिक अस्पताल में बेटे का पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार ने शव गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद से पिता बेटे की मौत की असल वजह जानने के लिए परेशान हैं। उन्हें संदेह है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि मौत की कोई और वजह हो सकती है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तस्वीर साफ हो सकेगी।
बुजुर्ग पिता का आरोप है कि रिपोर्ट लेने के लिए वह कई बार अस्पताल जा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें इधर-उधर भेज दिया जाता है और रिपोर्ट नहीं मिलती। सोमवार को भी वह पुलिस के साथ रिपोर्ट लेने पहुंचे, लेकिन निराश लौटना पड़ा। खेड़ी पुल थाना के उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह भी रिपोर्ट लेने के लिए नागरिक अस्पताल गए थे, मगर उन्हें भी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई है। रिपोर्ट न देने पर अब पुलिस की ओर से डॉक्टर के खिलाफ उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। बुजुर्ग की नाराजगी यह भी है कि रिपोर्ट न देने का कारण नहीं बताया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि रिपोर्ट न मिलना गंभीर बात है। उन्होंने कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल से बातचीत कर रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
