शाहजहांपुर में रविवार देर रात सड़क पर घूम रहे सांड से बाइक टकरा गई, जिसमें भौना गांव निवासी वेटर नरेंद्र सिंह की मौत हो गई। वह मैरिज लान में काम करके अपने मौसेरे भाई प्रेमशंकर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। हादसे में प्रेमशंकर घायल हो गए और उन्हें मीरानपुर कटरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्वजनों के मुताबिक, कटरा-खुदागंज मार्ग पर भौना गांव से करीब आधा किमी पहले अचानक सांड सड़क पर आ गया। बाइक चला रहे नरेंद्र को इसका पता नहीं चला और टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सवार दूर जा गिरे। सिर में गहरी चोट लगने से नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार ने बताया कि हेलमेट न पहनने की वजह से उन्हें सिर में गहरी चोट लगी।

परिवार के अनुसार, नरेंद्र की शादी तिलहर की एक युवती से तय हुई थी और होली के बाद शादी होनी थी। गुरुवार को सगाई हुई थी और तीन दिन बाद तिलक का कार्यक्रम था। नरेंद्र के पिता छोटे लाल ने बताया कि रात करीब एक बजे ग्रामीणों ने हादसे की सूचना दी, जब अधिकतर स्वजन सो चुके थे। नरेंद्र के बड़े भाई तुलाराम की कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों का कहना है कि खुदागंज मार्ग पर बेसहारा पशुओं के झुंड दिन-रात घूमते रहते हैं। इस बारे में ग्राम पंचायत के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। गोशालाएं खाली पड़ी हैं, जबकि पशु हाईवे और अन्य सड़कों पर घूम रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इस कारण एक वर्ष में 15 हादसे हो चुके हैं।