कर्नाटक सरकार ने राज्य के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में छठी से 12वीं कक्षा तक की छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना अनिवार्य कर दिया है। स्कूलों को छात्राओं के शौचालयों में पैड देने वाली मशीनें लगानी होंगी। सरकार ने स्कूलों को तीन महीने के भीतर मासिक धर्म स्वच्छता केंद्र बनाने का निर्देश दिया है। इन केंद्रों में अतिरिक्त कपड़े, अंडरगारमेंट और इस्तेमाल किए गए पैड रखने के लिए थैलियों की व्यवस्था करनी होगी।

इस बीच, गुजरात के राजकोट जिले में सोमवार रात जेतपुर के पास दो सब-एडल्ट शेरनियों की यात्री ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा धासा-जेतलसर ब्रॉड गेज रेलवे लाइन पर वावडी और खिरसरा के बीच हुआ, जो जेतपुर स्टेशन से लगभग 6 किलोमीटर दूर है। बताया जा रहा है कि शेरनियां पटरियां क्रॉस कर रही थीं, तभी पोरबंदर-भावनगर ट्रेन नंबर 59560 की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा, जिससे इस मार्ग पर रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की आपत्ति के बाद टाटा संस ने 26 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग 30 नवंबर तक के लिए टाल दी है। नोएल टाटा ने मीटिंग का एजेंडा देर से मिलने पर चिंता जताई। बताया जा रहा है कि इससे जुड़े दस्तावेज 22 नवंबर को अपलोड किए गए थे, जिससे डायरेक्टर्स के पास मीटिंग से पहले इन दस्तावेजों को देखने के लिए 7 दिन का तय समय भी नहीं बचा था। इसके बाद कंपनी ने बोर्ड मीटिंग को 30 नवंबर तक रीशेड्यूल करने का फैसला किया, ताकि डायरेक्टर्स को एजेंडा और उससे जुड़े दस्तावेजों को देखने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके।

सुप्रीम कोर्ट ने दलबदल कानून में सुधार की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग व विधि आयोग को नोटिस जारी किया है। याचिका में आरोप है कि विधायक और सांसद अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीति के तहत इस्तीफा देते हैं, जिससे चुनी हुई सरकारों का बहुमत भी प्रभावित होता है। सीजेआई सूर्यकांत की तीन जजों की पीठ ने कानून मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय से भी जवाब मांगा है।