बाहरी दिल्ली के कराला गांव की फिरणी रोड गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण बदहाल बनी हुई है। मुख्य कराला रोड से स्टेडियम होते हुए यूइआर-टू को जोड़ने वाली इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और जल निकासी की व्यवस्था न होने से गंदा पानी भरा रहता है। राहगीरों को समझ नहीं आता कि गड्ढों से बचकर निकलें या पानी में रास्ता तलाशें।
सुबह-शाम व्यस्त रहने वाली इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, नौकरीपेशा लोग और स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। करीब 20 हजार की आबादी वाले कराला गांव की इस सड़क पर एक स्कूल भी है, जिससे बच्चों को भी परेशानी हो रही है। प्रभावित सड़क का निर्माण सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने कराया था, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने से हालत लगातार बिगड़ती जा रही है।
स्थानीय निवासी जोगिंदर माथुर और आनन्द माथुर के अनुसार इस सड़क के लिए बजट स्वीकृत होने की चर्चा हुई थी, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि सिर्फ आश्वासन दिए जाते हैं, सुध लेने वाला कोई नहीं है। कराला से सुल्तानपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाया गया बड़ा नाला भी जाम है।
पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारी ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य चल रहा है, उसकी पूरी तरह सफाई कराई जाएगी और जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। स्थानीय निवासी रोहतास माथुर का कहना है कि सड़क और नाले की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। वहीं सम्मे माथुर ने सड़क निर्माण और नाले की सफाई जल्द कराने की मांग की। निगम पार्षद मनीषा जसबीर का कहना है कि बजट उपलब्ध न होने के कारण सड़क निर्माण का काम नहीं हो पा रहा है, बजट मिलते ही निर्माण जल्द कराया जा सकेगा।
