रामपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र में रात करीब साढ़े बारह बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। गाड़ी 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग खेत में दूर-दूर जा गिरे।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गाड़ी यूपी 34 नंबर की थी। गाड़ी नंबर से मालिक की जानकारी कर उनसे मोबाइल पर संपर्क किया गया। गाड़ी मालिक मन्नू पुत्र राजू पोरवाल सीतापुर के कसबा व थाना बिसवां के रहने वाले हैं। उनके अनुसार गाड़ी उनका भाई सुनील पोरवाल किसी काम से मुरादाबाद गया था। उसके साथ बिसवां के ही अभिषेक, निलेश और रामजीवन यादव भी थे। गाड़ी मुरादाबाद से सीतापुर जा रही थी और दुर्गनगला के पास अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे गिरी।
हादसे के बाद बोलेरो के इंजन से काफी देर तक धुआं निकलता रहा। आग लगने की आशंका के चलते पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसने इंजन पर पानी डालकर उसे ठंडा किया। पुलिस ने दूर-दूर पड़े चारों लोगों को देखा तो वे बेसुध थे। इनमें सुनील, अभिषेक और निलेश की सांसें थम चुकी थीं, जबकि रामजीवन यादव की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। जिला अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने गाड़ी नंबर से पता और गाड़ी मालिक के मोबाइल की जानकारी कर उन्हें हादसे की सूचना दी, लेकिन चारों की मौत के बारे में नहीं बताया। पुलिस ने सिर्फ एक्सीडेंट होने की जानकारी देते हुए स्वजन को रामपुर आने को कहा। शहजादनगर थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि सुनील के भाई मन्नू के नाम गाड़ी थी और उनको फोन करके हादसे के बारे में बताया गया है। स्वजन वहां से रवाना हो गए हैं।
