राजस्थान के उदयपुर जिले में एक परिवार के सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। आरोप है कि समाज के पंचों ने परिवार पर पांच लाख रुपये का दंड लगाया और राशि नहीं देने पर उसे समाज से बाहर कर दिया। गांव के लोगों पर परिवार से संबंध नहीं रखने का दबाव बनाया गया। पीड़ित परिवार ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने समाज के मुखिया सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पीड़ित मीठालाल प्रजापत ने आरोप लगाया कि पारिवारिक संपत्ति विवाद के निस्तारण के लिए चार अक्टूबर को समाज की बैठक बुलाई गई थी। वे काम के सिलसिले में अहमदाबाद में रहते हैं और उन्हें बैठक की सूचना महज 20 घंटे पहले दी गई थी। उन्होंने अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा, लेकिन आरोप है कि पंचों ने उनकी बात नहीं सुनी और एकतरफा फैसला सुना दिया।
मीठालाल के अनुसार, पंचायत ने रकम नहीं देने तक परिवार को समाज से बहिष्कृत रखने की बात कही। परिवाद में आरोप लगाया गया कि पंचायत के फैसले रजिस्टर में दर्ज कराए गए और अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर भी करवाए गए।
