प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में असम के सिलचर में नया एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि इस परियोजना पर अनुमानित 2,014 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह एयरपोर्ट सिलचर के डोलू में प्रस्तावित है।

वैष्णव के अनुसार, नए एयरपोर्ट पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी और सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। परियोजना का वित्त भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से जुटाएगा। फिलहाल सिलचर एयरपोर्ट का स्वामित्व भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पास है, जहां 70 एकड़ में फैले हिस्से से नागरिक विमान सेवाओं का संचालन होता है। मंत्री ने कहा कि नया एयरपोर्ट बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्र को हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा।

कैबिनेट ने एक अन्य फैसले में पांच साल में डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। वैष्णव ने बताया कि इस राशि का इस्तेमाल डाक नेटवर्क के आधुनिकीकरण तथा चिट्ठी-पत्री और पार्सल सेवाओं को मजबूत करने में किया जाएगा। मंजूर परियोजनाओं में ग्रामीण डाकघरों का उन्नयन, डाक और पार्सल के परिवहन एवं वितरण की मध्यवर्ती लॉजिस्टिक व्यवस्था को मजबूत करना तथा सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाना शामिल है।

बैठक में देश में निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण परिवेश को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई। यह योजना आठ सालों (वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक) के लिए लागू होगी। वैष्णव ने कहा कि भारत का निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है और वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार आकार 97,000 करोड़ रुपये था, लेकिन इस क्षेत्र की करीब 45 प्रतिशत जरूरतें आयात से पूरी होती हैं।