दिल्ली में यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती बढ़ाई गई है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, ऐसे कुल 1,421 वाहन हैं जिन पर 100 से अधिक चालान काटे जा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 600 निजी कारें हैं। हैरानी की बात यह है कि चालान का शतक लगाने के बाद भी इन चालकों की आदत में सुधार नहीं हो रहा है।

सूची में दूसरे नंबर पर व्यावसायिक टैक्सी और कैब हैं, जिनकी संख्या 317 है। आंकड़ों से पता चलता है कि नियम तोड़ने में सिर्फ व्यावसायिक वाहन चालक ही नहीं, बल्कि निजी कार चालक भी आगे हैं। इन निजी कारों के खिलाफ सबसे ज्यादा चालान तेज रफ्तार से वाहन चलाने और रेड लाइट जंप करने के मामलों में किए गए हैं।

यातायात पुलिस ने इन वाहनों की सूची कार्रवाई के लिए दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग के आयुक्त को भेज दी है। विभाग ने संबंधित वाहनों के पंजीकृत मालिकों को नोटिस भेजने भी शुरू कर दिए हैं। यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, चिंता सिर्फ लंबित चालानों की संख्या को लेकर नहीं है, बल्कि उन वाहन चालकों की आदत को लेकर भी है जो बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।

अधिकारी के अनुसार, ऐसे वाहन सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों, खासकर पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। बार-बार की जा रही यह लापरवाही न केवल इन चालकों की जान जोखिम में डाल रही है, बल्कि दूसरे वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए भी खतरा है।