कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने गुरुवार को होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली की जानकारी दी। रैली में अभिनेता और एक्टिविस्ट प्रकाश राज तथा पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। दीपके ने कहा कि देश में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है और बाबा साहब आंबेडकर के संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और उन्हें तानाशाह, लोकतंत्र विरोधी और वोट चोर बताया। इसके बावजूद मंच पर प्रधानमंत्री की तस्वीर रखी गई थी और कार्यक्रम की शुरुआत 'मोदी चालीसा' बजाकर की गई। रांका ने अपने संबोधन की शुरुआत 'जय महाराष्ट्र' और 'जय नरेंद्र' के नारे के साथ की।
तस्वीर रखने की वजह पूछे जाने पर दीपके ने आरोप लगाया कि देश में सेंसरशिप बहुत ज्यादा है। उन्होंने कहा कि तस्वीर इंस्टाग्राम और मेटा के लिए रखी गई है, क्योंकि मोदी की तस्वीर के बिना राजनीतिक कंटेंट दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनवरी से जून तक इंस्टाग्राम पर 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाई गईं और मोदी के खिलाफ सामग्री हटाने के साफ आदेश दिए गए हैं।
दीपके ने भाजपा पर चुनावों में धांधली का आरोप लगाया और कोल्हापुर की गोकुल डेयरी के सहकारी चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद परिणाम बदलने के लिए अध्यादेश लाकर चार मेंबरों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग दूध डेयरी का चुनाव नहीं छोड़ रहे, वे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में क्या करते होंगे।
