दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नाम जोड़ने और सुधार के लिए आवेदन की समय-सीमा समाप्त हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 24 नवंबर तक नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के कुल 5,43,940 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 30 अगस्त तक मिले 2,12,400 और 31 अगस्त से 24 नवंबर के बीच आए 3,31,540 आवेदन शामिल हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य जानकारी सुधारने के लिए फॉर्म-8 के 3,85,322 आवेदन मिले, जिनमें 30 अगस्त तक के 2,60,768 और उसके बाद के 1,24,554 आवेदन हैं।

नाम जोड़ने के लिए सबसे अधिक 69,449 आवेदन पश्चिमी जिले से आए। इसके बाद उत्तर-पूर्वी जिले से 57,164, दक्षिण-पूर्वी से 56,694, उत्तर-पश्चिमी से 53,300 और पूर्वी जिले से 52,844 आवेदन मिले। नई दिल्ली जिले से सबसे कम 8,120 आवेदन प्राप्त हुए।

मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 के कुल 87,063 आवेदन मिले, जिनमें 30 अगस्त तक के 51,471 और 31 अगस्त से 24 नवंबर के बीच के 35,592 आवेदन शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 18,396 आवेदन दक्षिण-पूर्वी जिले से आए। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े फॉर्म-6ए के 1,969 आवेदन प्राप्त हुए।

गौरतलब है कि 31 अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा जारी किया गया था, जिसमें करीब 97 लाख मतदाताओं के नाम शामिल थे। करीब 47 लाख नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे नाम वाली श्रेणियों में रखे गए थे। इन लोगों को फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में दोबारा नाम जोड़ने का मौका दिया गया था।