आगरा जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। फार्म-छह को लेकर पहली बार छह अलग-अलग श्रेणियां तैयार की गई हैं। इनमें 10, 25, 50, 100 और 150 मतदाता जोड़ने के आधार पर बीएलओ का आकलन किया जा रहा है। जिन 500 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने क्षेत्र में 10 नए मतदाता भी नहीं जोड़े, उनका वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) को कार्य में लापरवाही बरतने वाले इन बीएलओ का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। बाकी पांच श्रेणियों की सूची भी तैयार की जा रही है।
जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में 3849 बूथ हैं, जहां करीब 30 लाख मतदाता हैं। अभियान में छूटे हुए या नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक बीएलओ को फार्म दिए गए हैं और उनके द्वारा भरवाए गए फार्मों का डाटा अलग से रखा जा रहा है।
प्रशासन का यह कदम 23 साल बाद हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की गलतियों को दोहराने से बचने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, अच्छा प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। 150 से अधिक मतदाताओं को जोड़ने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा।
