प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले आगामी संसद सत्र बुलाने की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। बुधवार को कैबिनेट की बैठक में पीएम ने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा न करने की भी सलाह दी। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। सत्र की अंतिम तारीख संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी।
13 अगस्त को मानसून सत्र स्थगित होने के 103 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं हुआ है। विपक्ष शीतकालीन सत्र में देरी पर सवाल उठा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक पेश कर सकती है। संविधान संशोधन विधेयक पारित करने के लिए 543 सदस्यीय लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत (361 वोट) आवश्यक है। मौजूदा समय में एनडीए के पास 320 सांसद हैं। अप्रैल में बिल गिरने के बाद 26 विपक्षी सांसद (20 तृणमूल कांग्रेस और 6 उद्धव गुट) एनडीए के पाले में आ चुके हैं। फिर भी, सरकार को बिल पास कराने के लिए डीएमके (22) और एनसीपी-एसपी (8) जैसे दलों के समर्थन की दरकार होगी।
दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जा सकता है। सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा कि संविधान संशोधन विधेयक पर बहस और मतदान तभी संभव होगा जब सदन व्यवस्थित तरीके से काम करेगा। मौजूदा सत्र की विस्तारित बैठक के लिए दो दिन और नए सत्र के लिए 14 दिन का नोटिस आवश्यक है।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष आक्रामक है, जिससे सत्र के हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है। विपक्ष का कहना है कि मानसून सत्र स्थगित हुए 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन सदन अभी तक समाप्त नहीं हुआ है। इस देरी से विशेष सत्र की अटकलें तेज हो गई हैं, खासकर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के संदर्भ में। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 अप्रैल में विशेष संसदीय बैठक में आवश्यक संख्या प्राप्त करने में विफल रहा था।