चंदौली में रबी अभियान के तहत जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने राजकीय कृषि बीज गोदामों से बीज वितरण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बुकिंग कराने वाले किसानों को बीज उठाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। अधिकारी ने चेताया है कि बार-बार अपील के बाद भी बीज न उठाने पर संबंधित किसान का चयन निरस्त कर दिया जाएगा और उसका लाभ नए किसानों को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई ऐसे किसान गोदामों तक पहुंच रहे हैं, जिन्होंने बुकिंग नहीं कराई है और उन्हें बीज नहीं मिल पा रहा है।
कृषि विभाग की ओर से 9849 क्विंटल गेहूं, 246.08 क्विंटल चना, पांच क्विंटल मटर, 116.96 क्विंटल मसूर और छह क्विंटल सरसों के बीज की बुकिंग के लिए आवंटन किया गया था। किसानों ने शत-प्रतिशत बुकिंग कराई थी।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार 26 नवंबर तक 9624 क्विंटल के सापेक्ष 5800 क्विंटल गेहूं और 246.08 क्विंटल के सापेक्ष 246.08 क्विंटल चना आदि का वितरण किया जा चुका है। विभागीय कर्मचारियों के फोन करने के बाद भी बुकिंग कराने वाले किसान बीज उठाने में गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
(प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।)
