चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने शनिवार को अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की है। इस सूची में आठ वार्डों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी अब तक कुल 25 प्रत्याशियों को मैदान में उतार चुकी है।

तीसरी सूची के अनुसार वार्ड नंबर-9 से देशराज सनावर, वार्ड नंबर-10 से तरसेम मित्तल, वार्ड नंबर-11 से गुरनाज कौर बोपाराय और वार्ड नंबर-12 से सुरिंदर शर्मा को टिकट दिया गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर-15 से सतीश माचल, वार्ड नंबर-18 से विशाल गुप्ता, वार्ड नंबर-28 से गुरदेव यादव और वार्ड नंबर-33 से शादाब राठी को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची पर पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह के हस्ताक्षर हैं।

नगर निगम के 35 वार्डों के लिए होने वाले इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस भी अपने उम्मीदवारों की सूचियां जारी कर चुकी हैं। भाजपा ने अब तक 23 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है, जबकि कांग्रेस 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। आप ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी मैदान में बढ़त बनाने की कोशिश की थी।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 23 दिसंबर को होना है। टिकट वितरण के बाद अब सभी दलों का ध्यान शेष वार्डों में प्रत्याशियों के चयन और प्रचार की रणनीति पर है। उम्मीदवारों के सामने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क बढ़ाने और मतदाताओं को साधने की चुनौती होगी।