लखनऊ : केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस निर्णय से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ होगा। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
सीएम योगी ने परिसीमन विधेयक का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब कैबिनेट की मंजूरी से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधेयक की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को प्रारंभिक तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू किया जाएगा और रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान देना चाहिए, क्योंकि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है।
