मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ होगा। उन्होंने बताया कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।

योगी ने कहा कि महिला आरक्षण को प्रारंभिक तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू किया जाएगा और रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की ऐतिहासिक पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को इस पहल में सहयोग देना चाहिए, क्योंकि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है।