केंद्रीय कैबिनेट की शुक्रवार को हुई बैठक में परिसीमन संबंधी प्रस्ताव और महिला आरक्षण कानून में संशोधन को मंजूरी मिलने के बाद झारखंड में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के विस्तार की संभावना बढ़ गई है। प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा और विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी। इस हिसाब से राज्य की लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर करीब 122 हो सकती हैं। हालांकि, इसके लिए संसद की मंजूरी और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक हिस्सा 2051 तक स्थिर रखने की बात भी कही गई है।

राज्य के लिए यह सिर्फ सात अतिरिक्त लोकसभा और करीब 41 अतिरिक्त विधानसभा सीटों का मामला नहीं है। परिसीमन से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं, आरक्षण का स्वरूप और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सामाजिक संतुलन नए सिरे से तय होगा। कई मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों का विस्तार या विभाजन हो सकता है, जिससे उन इलाकों को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है जो अब तक बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर कम प्रतिनिधित्व पाते रहे हैं। वहीं, मौजूदा राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्रों के समीकरण भी बदल सकते हैं।

परिसीमन का सबसे संवेदनशील पहलू आदिवासी आरक्षण है। विधानसभा की 81 सीटों में फिलहाल 28 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि लोकसभा की 14 सीटों में पांच एसटी आरक्षित हैं। सीटें करीब 122 होने पर सबसे बड़ा सवाल आरक्षित सीटों की संख्या को लेकर होगा। यह जरूरी नहीं कि कुल सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के अनुपात में आरक्षित सीटें भी स्वतः बढ़ जाएं; इसका निर्धारण संबंधित क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति की आबादी और परिसीमन के संवैधानिक मानकों के आधार पर होगा। कोल्हान, संताल परगना और दक्षिणी छोटानागपुर के आदिवासी बहुल इलाकों में इसका खास असर पड़ सकता है। पूर्व में परिसीमन प्रक्रिया में विधानसभा की एसटी आरक्षित सीटें 28 से घटाकर 22 और लोकसभा की पांच से चार करने का प्रस्ताव सामने आया था, जिसका शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तीव्र विरोध किया था और यह लागू नहीं हो पाया। इस पुराने अनुभव के कारण मोर्चा समेत आदिवासी संगठनों में नई प्रक्रिया को लेकर सतर्कता है।

महिला आरक्षण कानून में प्रस्तावित संशोधन भी अहम है। 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर करीब 122 सदस्यीय विधानसभा में अनुपात के आधार पर लगभग 41 सीटें महिलाओं के लिए हो सकती हैं, हालांकि वास्तविक संख्या कानून और परिसीमन प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रस्ताव को संसद की कसौटी से गुजरना है, जहां संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी है।