हिमाचल प्रदेश में परिसीमन और महिला आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आ सकता है। अनुमान है कि प्रदेश में लोकसभा की चार सीटें बढ़कर छह और विधानसभा की 68 सीटें बढ़कर 102 हो जाएंगी। महिला आरक्षण लागू होने पर लोकसभा में दो महिला सांसद और विधानसभा में 34 महिला विधायक पहुंच सकती हैं। इससे राज्य की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ चुनावी समीकरण भी बदलेंगे।
फिलहाल हिमाचल विधानसभा में 68 विधायकों में सिर्फ तीन महिलाएं हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने पर 102 विधानसभा सीटों में से 34 और छह लोकसभा सीटों में से दो महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। अनुसूचित जाति की सीटों की संख्या मौजूदा 17 से बढ़कर 20 से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों की तीन सीटें यथावत रह सकती हैं।
परिसीमन में जनगणना का आधार अहम होगा। केंद्र सरकार की ओर से 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण की योजना की चर्चा है, जबकि हिमाचल में जनगणना का कार्य चल रहा है, जो अगले वर्ष मार्च तक पूरा होने की संभावना है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि परिसीमन में 2011 के आंकड़े इस्तेमाल होंगे या नई जनगणना को आधार बनाया जाएगा।
परिसीमन को लेकर प्रदेश में सियासी मतभेद भी सामने आ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करते हुए कहा है कि इससे संसदीय व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। इसके विपरीत कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण की आड़ में सीटें बढ़ाने और उत्तर-दक्षिण के बीच राजनीतिक विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया है।
