गोरखपुर के बेतियाहाता क्षेत्र के वार्ड नंबर 67 से बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में त्रिपाठी ने उन्हें फरसा भेंट किया।

त्रिपाठी के पार्टी में शामिल होने पर अखिलेश यादव ने उनका स्वागत किया और सांसद रवि किशन का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि चिंता न करें, अपना वीजा तैयार रखें, अब उन्हें स्पेन नहीं वेनिस जाना है। अखिलेश के इस बयान को गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना माना जा रहा है।

बता दें कि विश्वजीत त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा में रहते हुए वह पार्षद बने। बीते बरसात के दौरान बारिश और उससे जुड़ी समस्याओं को लेकर सांसद रवि किशन से उनकी बातचीत का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। इस घटना के बाद से उनकी गतिविधियां सपा के समर्थन में देखी जा रही थीं।

सपा में शामिल होने के बाद गोरखपुर की राजनीति में त्रिपाठी की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव में उनके टिकट के दावेदार होने के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि समाजवादी पार्टी उन्हें किस सीट से उम्मीदवार बनाएगी या टिकट देगी भी या नहीं।