रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के समापन पर आयोजित जनसभा में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। पंजतीर्थी स्थित रेडियो स्टेशन चौक से शुरू हुई यह पदयात्रा परेड ग्राउंड में संपन्न हुई। सिंह ने सभा में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष की राजनीतिक रणनीति, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जारी बहस पर अपना पक्ष रखा।
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश संविधान से चलता है, किसी की भावना से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी नरेंद्र मोदी को पद से हटाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं और इसी हड़बड़ाहट में देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री देश की जनता ने बनाया है और उन्हें वापस भी केवल जनता ही बुला सकती है। सिंह ने कहा कि मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले हैं, जाना है तो कांग्रेस को अपना बोरिया-बिस्तर समेटना होगा।
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर देश की राजनीति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और आजादी के बाद के कई फैसलों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि इनमें से एक फैसला अनुच्छेद 370 था। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से कहती आ रही थी कि संसद में स्पष्ट बहुमत मिलने पर धारा 370 को समाप्त किया जाएगा और ऐसा करके दिखाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे के संकल्प में काफी हद तक सफलता मिली है।
भाजपा ने 22 अक्टूबर को देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया था। पार्टी इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती तथा कांग्रेस और उसके सहयोगियों के कथित दुष्प्रचार के विरुद्ध जनजागरण अभियान बताती है। जम्मू का कार्यक्रम इसी राष्ट्रीय अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी था।
