उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ती सियासी हलचल के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी के संयोजक अभिजीत दिपके ने मंगलवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीजेपी न तो आगामी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन इस बात से अलग रहेगा कि उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी। दिपके ने उम्मीद जताई कि चुनावी अभियान जाति और धर्म की राजनीति के बजाय राज्य के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा।

राजनीतिक विमर्श की दिशा बदलने की अपील करते हुए दिपके ने कहा कि वे चुनाव में नहीं उतर रहे, लेकिन चुनाव युवाओं के मुद्दों पर होने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि कब तक जाति और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ा जाता रहेगा, जबकि दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिन्यूएबल एनर्जी पर चर्चा हो रही है। उन्होंने जोर दिया कि राजनीतिक दलों को रोजगार के अवसर पैदा करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

यूपी के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य और संभावित गठबंधनों पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिपके ने कहा कि सीजेपी किसी भी पार्टी के साथ नहीं खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि वे इस पर कुछ नहीं बोलेंगे कि किसे सरकार बनानी चाहिए और किसे नहीं। गौरतलब है कि हाल ही में सीजेपी ने उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में अपनी समन्वय समितियां गठित की थीं, जिसमें यूपी के लिए 16 सदस्यीय टीम बनाई गई थी। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि संगठन 2027 के यूपी चुनाव में उतर सकता है। दिपके के ताजा बयान से साफ हुआ है कि चुनाव आयोग में राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत न होने वाला यह युवा संगठन चुनावी मैदान में उतरने या किसी का पक्ष लेने के बजाय मुद्दों की राजनीति पर दबाव बनाए रखेगा।

दिपके ने संस्थाओं की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक सुधारों की मांग को लेकर महाराष्ट्र में बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को नागपुर में बहुत बड़ी जनसभा की जाएगी। यह आंदोलन समझौता कर चुके चुनाव आयोग के खिलाफ होगा और इसमें लोकतंत्र को मजबूत करने के तरीकों पर भी बात होगी। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की जवाबदेही तय किए बिना और उन्हें स्वतंत्र बनाए बिना लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता।