कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के शीर्ष नेताओं में शुमार सौरभ दास ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के कुछ मतदाता अब भाजपा से नाराज चल रहे हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने इस बारे में एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि दिवाली के दौरान एक भाजपा समर्थक ने उनके साथ फोटो खिंचवाई और कहा कि वह पहले भाजपा का समर्थन करता था, लेकिन अब नहीं करता।
द एकेएस पॉडकास्ट में सौरभ दास से पूछा गया था कि क्या भाजपा के वोटर भी सीजेपी का समर्थन कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते हुए कई लोग उनकी तारीफ करते हैं और अंत में कहते हैं कि वे पहले भाजपा के समर्थक थे, लेकिन अब नहीं हैं। दास ने कहा कि भाजपा के जो मॉडरेट वोटर हैं, उन्हें हकीकत दिखाना मुश्किल है। उन्होंने इस श्रेणी के मतदाताओं को लेकर कहा कि उनके पास इसका जवाब नहीं है।
फिलहाल सौरभ दास उत्तर प्रदेश में सीजेपी के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत स्कूलों का दौरा कर रहे हैं। गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि पश्चिमी यूपी की टीम ने चार जिलों के 20 सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट किया। उनके मुताबिक रिपोर्ट बताती है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बच्चे बहुत खराब हालत में पढ़ने को मजबूर हैं। पार्टी ने अभी तक किसी नए प्रदर्शन का ऐलान नहीं किया है।
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में चुनाव होने हैं। इसके अलावा गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब में भी विधानसभा चुनाव होंगे। हाल ही में सीजेपी ने यूपी, महाराष्ट्र, बिहार समेत 10 जोन में अपनी टीमों का ऐलान किया है, जिसमें सबसे बड़ी टीम यूपी में उतारी गई है। पॉडकास्ट में दास ने साफ किया कि फिलहाल सीजेपी की राजनीतिक दल बनने में दिलचस्पी नहीं है और वे अभी एक प्रेशर ग्रुप ही बने रहना चाहते हैं।
