शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोजगार के वादों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को उद्योगपतियों से रोजगार सृजन पर जवाब मांगना चाहिए। राउत ने विशेष रूप से उद्योगपति गौतम अदाणी का जिक्र करते हुए पूछा कि उन्होंने कितने लोगों को रोजगार दिया है और उनके नियंत्रण में आए सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में कितने लोगों की नौकरियां गई हैं।
राउत ने कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करना प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उद्योगपतियों को इतनी सारी रियायतें दी हैं, तो रोजगार पैदा करना उनकी भी जिम्मेदारी बनती है।
हर साल दो करोड़ नौकरियों के वादे का जिक्र करते हुए शिवसेना नेता ने कहा कि 12 साल में दो लाख लोगों को भी रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन 12 साल में दो लाख लोगों को भी नौकरी नहीं मिली।