कूचबिहार के ऐतिहासिक रास मेले के उद्घाटन मंच से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी को बांग्लादेश से अवैध रूप से आने वाले घुसपैठियों को चिन्हित कर वापस भेजने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस रास्ते से वे आए हैं, उसी रास्ते से उन्हें वापस भेजना होगा। साथ ही जिले में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उचित कदम उठाने और अवैध मदरसों, नकली नोटों तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता देने के मुद्दे का उल्लेख करते हुए सीमा पर बीएसएफ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उद्घाटन से पहले उन्होंने लैंसडाउन हाल में राजबंशी समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, शोभायात्रा में शामिल हुए और मदनमोहन मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने रास मेले का उद्घाटन किया और रासचक्र घुमाया।
मुख्यमंत्री ने कूचबिहार एयरपोर्ट को चालू करने पर सकारात्मक संदेश दिया और बताया कि उड़ान योजना के तहत एयरपोर्ट को लेकर समझौता हो चुका है। उन्होंने जिले में अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की योजना की घोषणा की और जिलाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों को इसके लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सांस्कृतिक केंद्र बनाने की घोषणा की और ठाकुर पंचानन वर्मा विश्वविद्यालय में शिक्षकों व शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास भी होगा और पुरानी घटनाओं का हिसाब भी लिया जाएगा। उन्होंने खागड़ाबाड़ी में अपनी गाड़ी पर पेट्रोल डाले जाने और विपक्ष में रहने के दौरान काफिले पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना की सभी तस्वीरें मौजूद हैं। शोभायात्रा में जयपुर से लाए गए दो सजे हुए हाथी आगे चल रहे थे और मुख्यमंत्री स्वयं पैदल इसमें शामिल हुए। उनके साथ उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक, शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन और विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस सहित कई विधायक मौजूद थे।
