मुंबई। परिसीमन बिल पास कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। शरद पवार की एनसीपी ने इस बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। इसके बाद कांग्रेस ने सांसदों से संपर्क तेज कर दिया है। सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि शरद पवार की पार्टी के आठ में से पांच सांसद एनसीपी छोड़ सकते हैं और कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर सकते हैं।
'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि कांग्रेस ने एनसीपी (शरद पवार) के कई लोकसभा सांसदों से बात की है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर शरद पवार की पार्टी केंद्र और महाराष्ट्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल हो जाती है, तो एनसीपी (एसपी) के आठ में से पांच सांसद कांग्रेस में जाने पर विचार कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि अभी ये सांसद विरोध की स्थिति में नहीं हैं, क्योंकि पार्टी के व्हिप का उल्लंघन करने पर उनकी सदस्यता जा सकती है। पार्टी के मुख्य सचेतक अमोल कोल्हे व्हिप जारी कर चुके हैं।
सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि सांसदों ने बताया कि पार्टी बदलने या व्हिप के खिलाफ वोट देने पर दल-बदल विरोधी कानून के तहत उनकी सदस्यता जा सकती है। कुछ सांसदों ने संकेत दिया कि वे परिसीमन विधेयक के पक्ष में वोट देंगे, लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल होने का वादा किया है। कांग्रेस के एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि दो सांसद अपनी संसदीय सदस्यता छोड़ने को तैयार हैं और उन्हें भरोसा है कि वे उपचुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी।
एनसीपी (एसपी) के पास आठ लोकसभा सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगर केवल पांच सदस्यों के साथ कोई नया राजनीतिक गठबंधन बनता है, तो विलय के प्रावधान को लेकर सवाल उठ सकते हैं। सांसदों के अलावा पार्टी के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी भी अपने राजनीतिक विकल्पों पर विचार कर रहे हैं और कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में बताए जा रहे हैं। शरद पवार की पार्टी में कुछ इस्तीफे भी हुए हैं और विधायक रोहित पवार भी नाराज बताए जा रहे हैं।
