लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 26 नवंबर को लखनऊ आगमन पर आयोजित कार्यक्रम और 'संविधान बचाओ मार्च' में कई प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों के गैरहाजिर रहने पर नेतृत्व ने गहरी नाराजगी जताई है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने शुक्रवार को सख्त आदेश जारी कर अनुपस्थित रहने वाले सभी प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। निर्देश में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और 'संविधान बचाओ मार्च' जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में गैरहाजिरी बेहद गंभीर विषय है।
जारी आदेश के मुताबिक, अनुपस्थित सभी साथियों को अपनी गैरहाजिरी का स्पष्ट कारण बताते हुए तत्काल लिखित जवाब दाखिल करना होगा। पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को हिदायत दी है कि वे इस निर्देश को पूरी गंभीरता से लें, क्योंकि संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय उपस्थिति और जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेही अनिवार्य है।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच यूपी कांग्रेस के इस कदम को संगठन में अनुशासन और जवाबदेही तय करने की बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
