जम्मू-कश्मीर में तैनात CRPF जवानों के लिए सुरक्षा के नए निर्देश जारी किए गए हैं। कुलगाम आतंकी हमले के बाद लिए गए इस फैसले के तहत अब ड्यूटी के दौरान सभी जवानों को बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनना जरूरी होगा। साथ ही जवान ड्यूटी पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। केवल कमांडर ही जरूरी सरकारी काम के लिए मोबाइल का उपयोग कर पाएंगे।
यह कदम 11 नवंबर को कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उठाया गया है, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। CRPF के DG जीपी सिंह ने पिछले दिनों सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसके बाद सभी कंपनी कमांडरों को जांच नाकों पर सुरक्षा बढ़ाने और पर्याप्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
जवानों को गोलीबारी से बचाने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियों की व्यवस्था की जाएगी। शाम और रात के समय पर्याप्त रोशनी बनाए रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
इस बीच, कुलगाम हमले से जुड़े मामले में जानकारी सामने आई है कि हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। सोमवार को एक मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि भट भाग निकला। मंगलवार को भी ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश जारी रही।
