बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अकवान का लैंडफॉल शुरू हो गया है। कमजोर पड़ने के बाद चक्रवात का बाहरी हिस्सा लगभग 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ओडिशा के पुरी और आंध्र प्रदेश के नरसापुर तट से टकरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो घंटे में यानी सुबह 10.30 बजे तक चक्रवात पूरे वेग से तट से टकरा सकता है। भुवनेश्वर में मौसम विभाग की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि लैंडफॉल की प्रक्रिया लंबी चलेगी और इसमें करीब सात से आठ घंटे लग सकते हैं। ओडिशा के तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है और भुवनेश्वर तक बारिश हो रही है।
एक महीने के भीतर यह तीसरा चक्रवाती तूफान है। अधिकारियों के मुताबिक राहत और बचाव के लिए 423 टीमें तैनात की गई हैं और अब तक तीन लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। ओडिशा में करीब 9341 शेल्टर तैयार किए गए हैं। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने गुरुवार को बताया कि चक्रवात की आशंका वाले इलाकों, निचले क्षेत्रों और भूस्खलन के खतरे वाले पहाड़ी इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का अभियान जारी है। इसमें गजपति और कंधमाल जिलों के पहाड़ी इलाकों में स्थित 6,109 संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आंध्र प्रदेश में मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि तट पर तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश होगी। मछुआरों को समंदर में न जाने की सलाह दी गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने एहतियात के तौर पर 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जिनमें ज्यादातर पुरी से होकर गुजरने वाली हैं। रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841/20842), हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस (22895/22896), टाटानगर-ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (20891/20892) और पुरी-यशवंतपुर गरीब रथ एक्सप्रेस (22883/22884) शामिल हैं।
चक्रवात को देखते हुए कई मंदिर बंद किए गए हैं, हालांकि जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। पुरी में गुंडिचा मंदिर 19 से 21 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। भुवनेश्वर में नंदनकानन प्राणी उद्यान और उससे लगे राज्य बॉटनिकल गार्डन 19 और 20 नवंबर को पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। केंद्रपाड़ा जिला स्थित भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान 21 नवंबर तक तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि मयूरभंज जिला स्थित सिमलीपाल टाइगर रिजर्व 20 और 21 नवंबर को पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
