बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' बुधवार सुबह 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अकवान 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और 19 नवंबर की शाम के आसपास 'बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान' में और तीव्र हो सकता है। 20 नवंबर की दोपहर में इसके आंध्र तट से टकराने की आशंका है। विभाग ने बुधवार और गुरुवार को कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। ओडिशा में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि आंध्र प्रदेश में तीन हफ्तों में तीसरे लैंडफॉल की आशंका के बीच तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

तूफानों को नाम इसलिए दिए जाते हैं ताकि मौसम विज्ञान एजेंसियों, आपदा प्रबंधन अधिकारियों, मीडिया और आम जनता के लिए उन्हें पहचानना और चेतावनी फैलाना आसान हो। एक ही क्षेत्र में एक साथ कई तूफान विकसित होने पर भ्रम की स्थिति भी इससे दूर होती है।

अकवान नाम उत्तरी हिंद महासागर की क्षेत्रीय चक्रवात-नामकरण प्रणाली के तहत ईरान ने सुझाया है। यह प्रणाली विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया एवं प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (UNESCAP) के तहत चलाई जाती है। इसमें 13 सदस्य देश बारी-बारी से नाम देते हैं और हर देश 13 नाम सुझाता है, यानी सूची में कुल 169 नाम शामिल हैं।

अकवान नाम की जड़ें फारसी पौराणिक कथाओं में हैं। फिरदौसी की महाकाव्य 'शाहनामा' में 'अकवान-ए-दिव' नाम के राक्षस जैसे पात्र का जिक्र है, जो जंगली गधे का रूप धारण कर फारसी नायक रुस्तम पर हमला करता है। कहानी के मुताबिक अंत में रुस्तम इस लड़ाई से बच निकलता है और अकवान को हरा देता है।