मुंबई बम ब्लास्ट की जांच कर चुके दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर और रिटायर्ड IPS अधिकारी नीरज कुमार ने दाऊद इब्राहिम को लेकर कई दावे किए हैं। वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी के शो 'आई विटनेस विद शाहिद' में उन्होंने बताया कि दाऊद सरेंडर करना चाहता था, लेकिन उसने इसके लिए कई शर्तें रखीं। नीरज कुमार के मुताबिक, दाऊद से उनकी कई बार फोन पर बात हुई थी।
नीरज कुमार ने बताया कि दाऊद के करीबी और कानून मंत्री के नाम से मशहूर मनीष लाला से हुई पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई। उन्होंने कहा कि मनीष लाला के ठिकानों पर छापा मारने के बाद उन्होंने सिंगापुर से फोन किया था। मुंबई आने के बाद मनीष लाला ने मुंबई पुलिस से जुड़े एक मामले में खुद को सरेंडर कर दिया। आर्थर रोड जेल में मुलाकात के दौरान मनीष लाला ने नीरज कुमार से कहा था कि वे उन्हें अपनी कस्टडी में ले लें। इसके बाद दिल्ली में दर्ज एक टाडा केस में उन्हें हिरासत में लिया गया, जिसका मनीष लाला ने कोर्ट में विरोध भी नहीं किया।
नीरज कुमार के अनुसार, मनीष लाला ने ही उनकी और दाऊद के बीच सीक्रेट टेलीफोन पर बात कराई। पहली बातचीत में दाऊद ने सवाल पूछे और कहा कि अगर वह मुंबई बम ब्लास्ट में शामिल होता तो टाइगर मेमन की तरह अपनी फैमिली को वहां से हटा लेता। नीरज कुमार ने बताया कि जब उन्होंने आरडीएक्स के बारे में पूछा तो दाऊद सहम गया और कहा कि वह सरेंडर कर सकता है, लेकिन उसकी अपनी लंबी-चौड़ी शर्तें हैं। इस बारे में सीनियर अधिकारियों से बात के बाद तय हुआ कि शर्तों पर सरेंडर संभव नहीं है, जिसके बाद बातचीत बंद हो गई।
पूर्व कमिश्नर ने यह भी दावा किया कि दाऊद ने अपने गैंग के बारे में बातें बताईं और सफाई देने की कोशिश की, लेकिन सवाल पूछने पर वह कई बार असहज हो गया। नीरज कुमार के मुताबिक, दाऊद झूठ बोल रहा था। उन्होंने कहा कि पूरी साजिश दाऊद के दुबई वाले घर में हुई थी, जहां उसने आईएसआई के साथ बैठकर मुंबई बम ब्लास्ट की प्लानिंग की थी, जिसमें लोगों को पाकिस्तान भेजने, एके-47 और आरडीएक्स लाने की योजना शामिल थी।
