सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) ने पांच परियोजनाओं के लिए 150 करोड़ रुपये से अधिक के अनुदान को मंजूरी दी है। इनमें पुणे के एक अस्पताल के लिए 50 करोड़ रुपये का अनुदान भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक यह फैसला टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।

जानकारी के अनुसार पुणे के जिस अस्पताल को यह अनुदान दिया गया है, उसका नेतृत्व जहांगीर एच सी जहांगीर कर रहे हैं, जो पहले अन्य टाटा ट्रस्ट से जुड़े रहे हैं। बैठक में वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि बैठक में टाटा समूह के भीतर के उन मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई जो सुर्खियों में हैं।

यह बैठक 26 नवंबर को होने वाली टाटा संस के निदेशक मंडल की अहम बैठक से एक सप्ताह से भी कम समय पहले हुई है। अन्य चर्चाओं के बारे में पूछे गए एक सवाल पर एक सूत्र ने कहा कि सभी न्यासियों ने अन्य लोगों से कमरे से बाहर जाने का अनुरोध किया और आपस में लगभग 10 मिनट तक बातचीत की। सूत्र के मुताबिक बैठक में नोएल के बेटे नेविल और टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारी भास्कर भट भी शामिल थे।

टाटा समूह के शीर्ष नेतृत्व के बीच जारी मतभेदों में श्रीनिवासन और विजय सिंह ने नोएल के खिलाफ रुख अपनाया है, जबकि अन्य न्यासी उनके साथ हैं। देश के सबसे बड़े औद्योगिक समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस (जिसमें टाटा ट्रस्ट की 65 प्रतिशत हिस्सेदारी है) की लड़ाई में नोएल टाटा के लिए जहांगीर का समर्थन हासिल करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।