घरों में बीमारी के बाद बची दवाएं अक्सर अलमारी में पड़ी रहती हैं या कचरे में फेंक दी जाती हैं, जिससे पर्यावरण, पशुओं और इंसानों को नुकसान हो सकता है। इस समस्या से निपटने के लिए युवाओं ने दिल्ली में मेडसाइकिल (MedCycle) अभियान शुरू किया है। अभियान से जुड़े सुवीर गुप्ता के अनुसार, अब तक 173 किलो दवाएं और मेडिकल उपकरण जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 527 किलो दवाओं को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया है।

अभियान के तहत घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल स्टोर से बची हुई और एक्सपायरी दवाएं इकट्ठा की जाती हैं। इसकी शुरुआत इस विचार से हुई कि ज्यादातर घरों में बीमारी ठीक होने के बाद बची दवाएं रख दी जाती हैं या फेंक दी जाती हैं, जिससे दवाओं का कचरा फैलता है। साथ ही यह भी सामने आया कि देश में कई लोग जरूरी दवाएं तक नहीं खरीद पाते। इसी अंतर को कम करने के लिए युवाओं की भागीदारी से यह अभियान शुरू किया गया।

एक्सपायरी दवाओं को सरकारी मान्यता वाले केंद्रों में भेजा जाता है। इस काम में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन, आर्य समाज और स्थानीय क्लीनिकों की मदद ली जा रही है। इनके साथ मिलकर लोगों को दवाओं को सही तरीके से फेंकने और संभालने के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है। अभियान के तहत दवाएं इकट्ठा करने के अलावा सामुदायिक प्रतियोगिताएं और पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को पर्यावरण बचाने के कामों से जोड़ा जा सके।

अभियान शुरू करने वालों के मुताबिक, भारत में हर दिन सैकड़ों टन जैव चिकित्सा कचरा पैदा होता है और इसका बड़ा हिस्सा सही तरीके से नष्ट नहीं किया जाता। कोरोना महामारी के बाद यह समस्या और गंभीर हो गई है। उनका मानना है कि पर्यावरण से जुड़ी बड़ी समस्याएं अक्सर छोटी-छोटी गलत आदतों से शुरू होती हैं और इनके समाधान के लिए हमेशा किसी बड़े आविष्कार की जरूरत नहीं होती। समस्या को समझकर पहल करना और छोटे कदम उठाना भी बड़ा बदलाव ला सकता है।