दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे अपने फोन में 181 (महिला हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) नंबर सेव करके रखें और इन्हें अपने परिवार के सदस्यों के साथ भी साझा करें। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि इमरजेंसी के दौरान समय पर मदद मिलना सबसे जरूरी है। सीएम ने महिलाओं की सुरक्षा और सुरक्षित दिल्ली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
एक वीडियो संदेश में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि ये दो नंबर केवल याद नहीं रखने हैं, बल्कि दिमाग में रट लेने हैं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में अक्सर लोग यह समझ नहीं पाते कि 100 नंबर मिलाएं या 101 डायल करें, किसको बुलाएं या पुलिस को कैसे सूचित करें। ऐसे में इन दो नंबरों को याद रखना काम आएगा।
सीएम ने बताया कि 181 नंबर केवल महिला सहायता हेल्पलाइन है, जबकि 112 हर तरह की इमरजेंसी के लिए है। इस नंबर पर एंबुलेंस, पुलिस या किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए कॉल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई खुद संकट में है या किसी और को संकट में देख रहा है, तो इन नंबरों को मोबाइल में इमरजेंसी नंबर के तौर पर सेव कर लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की हर बेटी और हर महिला की सुरक्षा हमारी सुरक्षा है और यह हमारी साझी जिम्मेदारी है। 181 नंबर पर कोई भी महिला परेशानी, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या असुरक्षा की स्थिति में कॉल कर सकती है, जबकि 112 यूनिवर्सल इमरजेंसी नंबर है, जिस पर पुलिस, एंबुलेंस और फायर समेत किसी भी आपात मदद के लिए कॉल किया जा सकता है।
