तिहाड़ जेल नंबर 1 के एक वॉर्ड में जेल कर्मियों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर 12 से 18 किलो के बीच तंबाकू बरामद किया है। जेल प्रशासन ने बरामद खेप को सीज कर दिया है और तिहाड़ मुख्यालय प्रशासन मामले की जांच के लिए एक समिति बना रहा है। आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
जेल सूत्रों के मुताबिक यह तंबाकू कैदियों के सोने वाले फट्टे के साथ छिपाकर रखी गई थी। बताया जा रहा है कि जिस वॉर्ड से खेप बरामद हुई, वहां रहने वाले एक कैदी को कुछ समय पहले मंडोली जेल में ट्रांसफर किया गया था। जेल प्रशासन को शक था कि वह कैदी तंबाकू बेचने के धंधे में शामिल है।
आशंका जताई जा रही है कि मंडोली भेजे गए कैदी ने ही यह तंबाकू किसी दूसरे कैदी को आगे बेचने के लिए दी होगी। इस बरामदगी को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जेल प्रशासन खुद यह पता लगा रहा है कि तंबाकू का सोर्स क्या है और यह आगे किन वॉर्डों में पहुंचनी थी।
जांच में सामने आया है कि जेल में इस प्रतिबंधित पदार्थ की भारी मांग रहती है। कोल्ड ड्रिंक के ढक्कन जितनी तंबाकू की कीमत 500 से 1500 रुपये तक बताई जाती है। मुलाकात या अस्पताल में इलाज के लिए जेल से बाहर जाने वाले कुछ कैदी इसे शरीर में छिपाकर अंदर लाते हैं और फिर ऊंची कीमत पर बेचा जाता है। पकड़े जाने से बचने के लिए तंबाकू को कार्बन पेपर के अंदर रखकर लाने की बात भी सामने आई है, क्योंकि स्कैनर में इसके पकड़े जाने की आशंका कम रहती है।
