केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि यह बिल पास होने के बाद यूपी विधानसभा में 600 सीटें हो जाएंगी।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सोमवार से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक और तीसरा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित होगा। सूत्रों ने बताया कि सरकार को तीनों विधेयकों के पारित होने का पूरा भरोसा है और कई राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद ही विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर होगा, जबकि राज्यों के बीच निर्वाचन क्षेत्रों के अनुपात का निर्धारण 1971 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में परिसीमन आयोग के गठन और संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में सीमाओं के पुनर्निर्धारण से जुड़े प्रावधान होंगे।

अनुच्छेद 170 के तहत राज्य विधानसभा में अधिकतम 500 सदस्य हो सकते हैं, जिसे बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। सूत्रों के मुताबिक, इसका उद्देश्य यूपी जैसे बड़े राज्यों में सीटें बढ़ने पर राज्य के विभाजन की आशंका को दूर करना है। यूपी विधानसभा में फिलहाल 403 सीटें हैं। सूत्रों ने कहा कि सरकार किसी भी परिस्थिति में यूपी का विभाजन नहीं चाहती और इसके लिए संविधान में विशेष प्रावधान किया जाएगा। लक्षद्वीप तथा अंडमान एवं निकोबार जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में 50 प्रतिशत वृद्धि का फार्मूला लागू नहीं होगा।

कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने परिसीमन विधेयक, 2026 वापस लेने के कारणों संबंधी बयान में कहा है कि नए विधेयक में महिलाओं के आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। आरक्षित सीटों का आवंटन परिसीमन आयोग द्वारा तय तरीके से रोटेशन के आधार पर होगा। नए विधेयक पेश करने से पहले सरकार लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 को वापस लेगी।